नौतपा में खानपान को लेकर बरतें खास सावधानी, वरना बढ़ सकती हैं गर्मी से जुड़ी समस्याएं

देश के कई हिस्सों में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप, लू और लगातार बढ़ते तापमान का असर सीधे शरीर पर पड़ रहा है। ऐसे मौसम में सिर्फ बाहर की गर्मी ही नहीं, बल्कि आपकी डाइट भी सेहत पर बड़ा असर डालती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मियों में कुछ खाने-पीने की चीजें शरीर का तापमान और बढ़ा सकती हैं, जिससे डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसी समस्याओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

तली-भुनी और मसालेदार चीजें बढ़ा सकती हैं परेशानी

विशेषज्ञों के मुताबिक नौतपा के दौरान बर्गर, पिज्जा, फ्रेंच फ्राइज और ज्यादा ऑयली फूड्स से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इन चीजों को पचाने में शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे शरीर के अंदर गर्मी बढ़ सकती है।

इसके अलावा बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन भी नुकसान पहुंचा सकता है। मिर्च और तीखे मसालों से शरीर का तापमान बढ़ सकता है, खासकर उन लोगों में जो नियमित रूप से मसालेदार खाना नहीं खाते। एक्सपर्ट्स इस दौरान रेड मीट खाने से भी बचने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसे पचाने में ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है और शरीर ज्यादा गर्म महसूस कर सकता है।

कोल्ड ड्रिंक और कैफीन वाले पेय भी बन सकते हैं खतरा

गर्मी में लोग राहत पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक, सोडा या एनर्जी ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं, लेकिन हेल्थ रिपोर्ट्स के अनुसार इनमें मौजूद अधिक शुगर और कैफीन शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं।

चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स का ज्यादा सेवन शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है, जिससे कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं शराब का सेवन शरीर से तेजी से पानी बाहर निकालता है, जो गंभीर डिहाइड्रेशन का कारण बन सकता है।

पैकेज्ड स्नैक्स और ज्यादा नमक वाले फूड्स से भी रहें दूर

चिप्स, नमकीन और दूसरे पैकेज्ड स्नैक्स में सोडियम की मात्रा काफी ज्यादा होती है। अधिक नमक शरीर के फ्लूइड बैलेंस को बिगाड़ सकता है और शरीर की कोशिकाओं से पानी खींच सकता है। इससे शरीर में पानी की कमी होने लगती है और थकान, चक्कर और कमजोरी महसूस हो सकती है।

बासी और खुले में रखा खाना बन सकता है बीमारी की वजह

नौतपा के दौरान बासी खाना या लंबे समय तक खुले में रखा भोजन खाने से बचने की सलाह दी जाती है। तेज गर्मी में खाना जल्दी खराब हो सकता है, जिससे फूड पॉइजनिंग, दस्त, उल्टी और टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

बहुत ज्यादा बर्फ वाली चीजें भी शरीर को अचानक तापमान का झटका दे सकती हैं, इसलिए इन्हें भी सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए।

गर्मी में क्या खाना और पीना रहेगा फायदेमंद

एक्सपर्ट्स के अनुसार नौतपा में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी होता है। इसके लिए नारियल पानी, छाछ, लस्सी, सत्तू, बेल का शरबत और ताजे मौसमी फलों का सेवन बेहद फायदेमंद माना जाता है।

इसके अलावा दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और खाली पेट घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। हल्का, ताजा और आसानी से पचने वाला भोजन शरीर को गर्मी से बचाने में मदद करता है।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

डॉक्टर्स का कहना है कि नौतपा के दौरान खानपान में थोड़ी सी सावधानी भी आपको कई गंभीर समस्याओं से बचा सकती है। अगर शरीर में पानी की कमी, लगातार कमजोरी, चक्कर, उल्टी या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। सही डाइट और पर्याप्त पानी के जरिए भीषण गर्मी के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Reviews

0 %

User Score

0 ratings
Rate This

Sharing

Leave your comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *