WPL फाइनल आज: RCB दूसरा खिताब जीतने उतरेगी, दिल्ली कैपिटल्स की नजर पहली ट्रॉफी पर
महिला प्रीमियर लीग (WPL) का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित स्मृति मंधाना की अगुआई वाली आरसीबी जहां दूसरा खिताब जीतकर मुंबई इंडियंस की बराबरी करना चाहेगी, वहीं तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में हार के सिलसिले को तोड़कर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
आरसीबी ने इस सत्र में हर विभाग में प्रभावी खेल दिखाया है। टीम ने लगातार पांच जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत कर इतिहास रचा। ग्रेस हैरिस, मंधाना और ऋचा घोष जैसे बल्लेबाजों ने अहम मौकों पर टीम को उबारा, जबकि गेंदबाजी में नादिन डी क्लर्क और श्रेयांका पाटिल ने निर्णायक भूमिका निभाई। डी क्लर्क ने आठ मैचों में 15 विकेट लिए हैं, जबकि पाटिल ने स्पिन विभाग को मजबूती दी है।
दिल्ली कैपिटल्स इस बार नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के नेतृत्व में संतुलित नजर आई है। गेंदबाजी में नंदनी शर्मा ने इस सत्र में 16 विकेट लेकर प्रभावित किया है, वहीं चिनले हेनरी ने नई गेंद से असरदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में लौरा वोलवार्ट ने निरंतरता दिखाई है, जबकि शेफाली वर्मा ने एलिमिनेटर में फॉर्म में वापसी के संकेत दिए।
दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फाइनल में कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।







