फाइनल की रेस से बाहर हुई सनराइजर्स हैदराबाद, पैट कमिंस बोले- गलत समय पर गंवाए विकेट

इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के हाथों 47 रन से हारने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद का फाइनल खेलने का सपना टूट गया। मैच के बाद कप्तान पैट कमिंस ने स्वीकार किया कि उनकी टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अहम मौकों पर विकेट गंवाए, जिसका खामियाजा टीम को टूर्नामेंट से बाहर होकर भुगतना पड़ा।

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेलते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाए। अपनी इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 12 छक्के और पांच चौके लगाए। वहीं ध्रुव जुरेल ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

244 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और राजस्थान के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 58 रन देकर तीन विकेट झटके। सुशांत मिश्रा और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि नांद्रे बर्गर ने भी अहम सफलताएं दिलाईं। पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।

हार के बाद पैट कमिंस ने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय टीम के पक्ष में कई चीजों का सही होना जरूरी था, लेकिन उनकी टीम ने गलत समय पर विकेट गंवा दिए। उन्होंने कहा, “245 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हमें बड़ी साझेदारियों की जरूरत थी, लेकिन हमने अहम मौकों पर विकेट खो दिए। हम शीर्ष दो में जगह बनाने से थोड़ा ही दूर रह गए, लेकिन खिलाड़ियों की मेहनत और प्रयास पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता।”

कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव ने शानदार बल्लेबाजी की और छोटी सी गलती का भी पूरा फायदा उठाया। कमिंस ने कहा, “पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी, लेकिन ऐसी पिच पर अगर गेंदबाज यॉर्कर में थोड़ी भी चूक कर दे तो बल्लेबाज उसे आसानी से सीमा रेखा के बाहर भेज देता है। वैभव ने इसी का फायदा उठाया।”

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में से एक थी और कोचिंग स्टाफ ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया। कमिंस ने विशेष रूप से युवा गेंदबाज प्रफुल और साकिब की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया।

इस हार के साथ सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल 2026 का सफर समाप्त हो गया, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने जीत के साथ फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया।

Reviews

95 %

User Score

1 ratings
Rate This

Sharing

Leave your comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *