Eating Same Food Every Day: क्या रोज एक जैसा खाना खाने से कमजोर हो सकता है आपका पेट? जानिए एक्सपर्ट की राय

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग रोज एक जैसा खाना खाना पसंद करते हैं। एक ही तरह का नाश्ता, वही लंच और रात में भी तय भोजन. इससे समय बचता है और डाइट को मैनेज करना आसान लगता है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबे समय तक एक जैसा भोजन करना शरीर, खासकर पेट की सेहत पर असर डाल सकता है।

पेट में मौजूद होते हैं करोड़ों अच्छे बैक्टीरिया

फरीदाबाद स्थित Amrita Hospital की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट चारु दुआ के अनुसार हमारे पेट के भीतर करोड़ों सूक्ष्म जीव यानी “गट बैक्टीरिया” मौजूद होते हैं। ये बैक्टीरिया पाचन, इम्यून सिस्टम और शरीर की कई जरूरी प्रक्रियाओं में मदद करते हैं।

इन बैक्टीरिया को स्वस्थ बनाए रखने के लिए शरीर को अलग-अलग तरह के पोषक तत्व, फाइबर और प्राकृतिक तत्वों की जरूरत होती है। जब व्यक्ति लंबे समय तक सिर्फ सीमित प्रकार का भोजन करता है, तो शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसका असर धीरे-धीरे अच्छे बैक्टीरिया की ताकत और संख्या पर पड़ सकता है।

रिसर्च में क्या सामने आया?

कई रिसर्च में पाया गया है कि जो लोग सप्ताहभर में अलग-अलग तरह की वनस्पति आधारित चीजें जैसे फल, सब्जियां, दालें और अनाज खाते हैं, उनके पेट के बैक्टीरिया ज्यादा मजबूत और संतुलित रहते हैं।

वहीं जो लोग लगातार सीमित और एक जैसी डाइट लेते हैं, उनमें गट माइक्रोबायोम की विविधता कम देखी गई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यही विविधता अच्छे पाचन और मजबूत शरीर की पहचान मानी जाती है।

एक जैसा खाना खाने से क्या दिक्कतें हो सकती हैं?

चारु दुआ बताती हैं कि बार-बार एक जैसा भोजन खाने का असर शुरुआत में तुरंत नजर नहीं आता, लेकिन धीरे-धीरे कई समस्याएं बढ़ सकती हैं। इनमें शामिल हैं:

• पेट फूलना
• कब्ज की समस्या
• भारीपन महसूस होना
• कुछ चीजों का ठीक से न पचना
• कमजोरी और थकान

कई लोग सोचते हैं कि अगर उनकी थाली में दाल, चावल और सब्जी है तो शरीर को सभी जरूरी तत्व मिल रहे हैं। लेकिन अलग-अलग अनाज, दालों, फलों और सब्जियों में मौजूद फाइबर और पोषक तत्व भी अलग होते हैं। यही बदलाव पेट के अच्छे बैक्टीरिया को संतुलित रखने में मदद करते हैं।

क्या रोज एक जैसा खाना खाने के फायदे भी हैं?

एक्सपर्ट्स मानते हैं कि भोजन में कुछ हद तक स्थिरता के फायदे भी होते हैं। इससे:

• वजन कंट्रोल रखना आसान होता है
• खाने की आदतें नियमित रहती हैं
• शरीर को तय समय पर भोजन मिलता है
• अनहेल्दी फूड खाने की संभावना कम होती है

लेकिन समस्या तब होती है जब महीनों या सालों तक डाइट में कोई बदलाव नहीं किया जाता।

कैसे करें डाइट में छोटे-छोटे बदलाव?

एक्सपर्ट्स के अनुसार पूरी डाइट अचानक बदलने की जरूरत नहीं होती। छोटे बदलाव भी शरीर के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। जैसे:

• कभी चावल की जगह बाजरा, ज्वार या रागी जैसे मोटे अनाज खाना
• मौसम के अनुसार सब्जियां बदलना
• अलग-अलग दालों को भोजन में शामिल करना
• दही, छाछ और फर्मेंटेड फूड्स को डाइट में जोड़ना
• रोज अलग-अलग फल खाने की कोशिश करना

रोज एक जैसा खाना खाना आसान जरूर लगता है, लेकिन लंबे समय तक ऐसा करने से पेट के अच्छे बैक्टीरिया कमजोर हो सकते हैं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए भोजन में विविधता बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी डाइट बदलाव न सिर्फ पाचन को बेहतर बनाते हैं, बल्कि पूरे शरीर को भी मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं।

Reviews

98 %

User Score

2 ratings
Rate This

Sharing

Leave your comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *