Virat Kohli Instagram: फिर एक्टिव हुआ विराट कोहली का इंस्टाग्राम, क्यों अचानक गायब हुआ था अकाउंट?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली एक बार फिर इंस्टाग्राम पर एक्टिव नज़र आ रहे हैं। गुरुवार रात अचानक उनका इंस्टाग्राम अकाउंट गायब हो गया था, जिसके बाद फैंस के बीच चिंता बढ़ गई थी कि कहीं कोहली ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला तो नहीं कर लिया।
शुक्रवार सुबह जब लोगों ने विराट कोहली का अकाउंट सर्च किया, तो वह दिखाई नहीं दे रहा था। इससे यह कयास लगाए जाने लगे कि शायद कोहली ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट या डीएक्टिवेट कर दिया है। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद उनका अकाउंट फिर से दिखाई देने लगा, जिससे साफ हो गया कि यह किसी तकनीकी गड़बड़ी (टेक्निकल ग्लिच) की वजह से हुआ था।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में विराट कोहली दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि वह खुद 283 अकाउंट्स को फॉलो करते हैं।
क्यों हुआ था विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिव?
नए साल के मौके पर विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ दो पोस्ट शेयर किए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ की तैयारियों से जुड़ी एक तस्वीर भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर डाली थी। इन पोस्ट्स के बाद फैंस को लगा कि कोहली पहले की तरह सोशल मीडिया पर फिर से एक्टिव हो गए हैं।
लेकिन गुरुवार को अचानक उनका अकाउंट गायब हो गया, जिससे फैंस हैरान रह गए। अब अकाउंट के दोबारा दिखने से यह साफ हो गया है कि विराट ने जानबूझकर अकाउंट डीएक्टिवेट नहीं किया था, बल्कि यह इंस्टाग्राम की किसी तकनीकी समस्या का नतीजा था।
परिवार के साथ लंदन में रह रहे हैं विराट
विराट कोहली फिलहाल अपने परिवार के साथ लंदन में रह रहे हैं। वह टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ खेलने भारत आए थे और सीरीज़ खत्म होने के तुरंत बाद वापस लौट गए।







