‘धुरंधर 2’ का धांसू ट्रेलर रिलीज: क्या सीक्वल में लौटेगा अक्षय खन्ना का रहमान डकैत?
मुंबई। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का ट्रेलर आखिरकार शनिवार, 7 मार्च को रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। दमदार एक्शन, रहस्यमयी कहानी और रणवीर सिंह के डबल अवतार ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
ट्रेलर देखने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या पहली फिल्म में रहमान डकैत का किरदार निभाने वाले अक्षय खन्ना इस सीक्वल में नजर आएंगे या नहीं।
क्या धुरंधर 2 में दिखेंगे अक्षय खन्ना?
पहली फिल्म में रणवीर सिंह के किरदार हमज़ा को एसपी असलम चौधरी (संजय दत्त) की मदद मिलती है और वह रहमान डकैत को मारने में कामयाब हो जाता है। कहानी में यह भी दिखाया जाता है कि उसने पुलिस एनकाउंटर के दौरान रहमान की जान बचाने की कोशिश की थी।
पोस्ट-क्रेडिट सीन और नए ट्रेलर के कुछ हिस्सों से संकेत मिलता है कि रहमान की मौत के बाद हमज़ा ल्यारी का बादशाह बन जाता है। ऐसे में संभावना कम है कि अक्षय खन्ना का किरदार सीक्वल में मुख्य रूप से दिखाई दे। हालांकि, मेकर्स के सोशल मीडिया पोस्ट में अक्षय खन्ना के इंस्टाग्राम हैंडल को टैग किए जाने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह फ्लैशबैक सीन में नजर आ सकते हैं। फिलहाल इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रेलर ने बढ़ाए कई सवाल
फिल्म के ट्रेलर में रणवीर सिंह को जसकीरत सिंह रंगी और हमज़ा अली मज़ारी के रूप में डबल रोल में दिखाया गया है। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि सीक्वल में उनके अतीत से जुड़े कई राज खुलने वाले हैं।
फैंस जिन सवालों पर चर्चा कर रहे थे, उनके जवाब फिल्म में मिल सकते हैं। जैसे—
• जसकीरत आखिर हमज़ा कैसे बना?
• रहस्यमयी ‘शेर-ए-बलूच’ कौन है?
• मिशन धुरंधर का अगला चरण क्या है?
आर माधवन के रोल पर भी नजर
सीक्वल में आर माधवन के अजय सान्याल का रोल भी बड़ा होने की उम्मीद है। ट्रेलर में संकेत मिलता है कि वह जसकीरत को जासूसी तकनीक और लड़ाई की ट्रेनिंग देते नजर आएंगे।
इसके अलावा मेजर इकबाल और एसपी असलम चौधरी जैसे किरदारों को घुसपैठिए पर शक होता है या नहीं, और क्या यालीना को हमज़ा की असली सच्चाई पता चलती है—ये भी फिल्म के अहम सवाल हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
जियो स्टूडियोज़ और B62 स्टूडियोज़ के सहयोग से बनी यह फिल्म निर्देशक आदित्य धर की जासूसी-एक्शन कहानी को आगे बढ़ाती है। ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी।







