IND vs PAK U19: आयुष म्हात्रे ने पाकिस्तानी कप्तान से नहीं मिलाया हाथ, अंडर-19 वर्ल्ड कप में ‘नो हैंडशेक’ बना चर्चा का विषय
IND vs PAK U19 World Cup: अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच आज बेहद अहम मुकाबला खेला जा रहा है। टूर्नामेंट की चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम बनने के लिए दोनों देशों के बीच कड़ी टक्कर है। ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुके हैं।
पाकिस्तान के कप्तान फरहान युसूफ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे कर रहे हैं।
भारत जीता तो सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से मुकाबला
अगर आयुष म्हात्रे की अगुवाई में टीम इंडिया आज पाकिस्तान को हरा देती है, तो वह सुपर-6 ग्रुप-2 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी। ऐसे में सेमीफाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा।
हालांकि यदि भारत बड़े अंतर से नहीं हारता है, तब भी टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, लेकिन उस स्थिति में उसे ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से भिड़ना पड़ेगा।
टॉस के दौरान भी नहीं हुआ हैंडशेक
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक बार फिर ‘नो हैंडशेक’ की परंपरा देखने को मिली। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने पाकिस्तानी कप्तान फरहान युसूफ से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले अंडर-19 एशिया कप में भी दोनों टीमों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था।
पहलगाम हमले के विरोध से जुड़ा मामला
‘नो हैंडशेक’ की यह शुरुआत सीनियर लेवल पर एशिया कप 2025 के दौरान हुई थी, जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था। उस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए, लेकिन किसी भी मैच में खिलाड़ियों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया। इसे पहलगाम आतंकी हमले के विरोध के तौर पर देखा गया।
पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह बेहद मुश्किल
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल का रास्ता काफी कठिन है। भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा है, ऐसे में पाकिस्तानी टीम को भारत को 250 रन से कम पर रोकना होगा। इसके बाद पाकिस्तान को 250 रन का लक्ष्य 25 ओवरों में हासिल करना जरूरी होगा, जो कि काफी चुनौतीपूर्ण है।







