T20 WC 2026: वॉशिंगटन सुंदर पर सस्पेंस, 4 फरवरी को होगा फैसला
T20 World Cup 2026 शुरू होने से पहले टीम इंडिया के लिए वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे इस ऑलराउंडर को लेकर अब तक अंतिम फैसला नहीं हुआ है। भारत 7 फरवरी को USA के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा और उससे करीब 72 घंटे पहले सुंदर के खेलने या बाहर रहने पर मुहर लग सकती है।
4 फरवरी को होगा फिटनेस टेस्ट
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 4 फरवरी को वॉशिंगटन सुंदर का फिटनेस टेस्ट बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया जाएगा। इसी टेस्ट के आधार पर तय होगा कि वह टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह फिट हैं या नहीं। सुंदर 11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।
सेलेक्टर्स क्यों कर रहे हैं इंतजार
टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में बदलाव की अंतिम तारीख 30 जनवरी है, लेकिन ICC के नियम चोटिल खिलाड़ियों के मामलों में राहत देते हैं। तकनीकी समिति की मंजूरी के बाद टूर्नामेंट के दौरान भी खिलाड़ी बदला जा सकता है, इसी वजह से चयनकर्ता मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
रिकवरी में जुटे हैं सुंदर
हाल के दिनों में सुंदर की फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं। उन्होंने हल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। 28 जनवरी को उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी की, लेकिन अब तक फुल ड्रिल और मैच सिमुलेशन से दूरी बनाए हुए हैं।
टीम इंडिया की तैयारी
भारतीय टीम 3 फरवरी को मुंबई में एक साथ जुटेगी और उसी दिन अभ्यास शुरू होगा। 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला वॉर्म-अप मैच खेला जाएगा। इसी दिन सुंदर का फिटनेस टेस्ट भी होगा।
बैकअप प्लान तैयार
अगर वॉशिंगटन सुंदर फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हो पाते हैं, तो चयनकर्ता बैकअप विकल्प पर जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में रियान पराग को टीम में शामिल किए जाने की संभावना है।







