हापुड़ सहित यूपी की जन समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन

हापुड़/उत्तर प्रदेश:

ऑल इंडिया हिन्दुस्तान काँग्रेस पार्टी, उत्तर प्रदेश द्वारा विभिन्न जन समस्याओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेश में बढ़ती समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेने और समाधान की मांग की।

पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के नए नियमों के कारण हापुड़ सहित प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत हो रही है। गैस एजेंसियों के बाहर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहती हैं, फिर भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि गैस सर्विस संचालक उपभोक्ताओं को केवाईसी और आधार अपडेट के नाम पर कई दिनों तक परेशान कर रहे हैं, जबकि इस पर सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए पार्टी ने कहा कि हापुड़, मेरठ, बिजनौर, बरेली, बदायूं और हाथरस सहित कई जिलों में हत्या, लूट, बलात्कार और रंगदारी जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।

इसके अलावा ज्ञापन में प्रदेश में खराब चिकित्सा व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को भी गंभीर मुद्दा बताया गया। किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा गया कि शुगर मिलों द्वारा गन्ना भुगतान नहीं किए जाने से किसान और मजदूर वर्ग आर्थिक संकट में हैं, जिससे कई लोग आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।

हाल ही में हुई विभिन्न दुखद घटनाओं का जिक्र करते हुए पार्टी ने कानपुर और हापुड़ में हुई मौतों पर पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

साथ ही हापुड़ के NH-9 और NH-24 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई गई और परिवहन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया गया।

पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि इन सभी समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

ज्ञापन पर पंडित गोपाल शर्मा (प्रदेशाध्यक्ष), पंडित नरेश चंद शर्मा (प्रदेश कानूनी सलाहकार), अब्दुला सेफ (प्रदेश महासचिव), सुनील शर्मा (कार्यालय इंचार्ज), सचिन गोयल (प्रदेश सचिव), आबिद सेफी (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष, मेरठ मंडल), नरेंद्र शर्मा (जिलाध्यक्ष, किसान प्रकोष्ठ, हापुड़) और धर्मवीर कश्यप (जिला अध्यक्ष, अनुसूचित प्रकोष्ठ, हापुड़) के हस्ताक्षर हैं।

Reviews

100 %

User Score

4 ratings
Rate This

Sharing

Leave your comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *