महिला दिवस पर काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं के लिए फ्री एंट्री, विशेष दर्शन की व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रशासन ने 8 मार्च को महिला श्रद्धालुओं को सम्मान देने के उद्देश्य से यह खास सुविधा शुरू की है।
मंदिर प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महिला श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर के गेट नंबर 4-बी से फ्री एंट्री दी जाएगी। इस दिन देश के किसी भी हिस्से से आने वाली महिलाओं को दर्शन के लिए कोई टिकट या शुल्क नहीं देना होगा।
इस विशेष व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मंदिर में आने वाली महिलाओं को सुगम और सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।
बच्चों वाली माताओं को मिलेगी प्राथमिकता
महिला दिवस के मौके पर उन महिलाओं को दर्शन के लिए प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी गोद में छोटे बच्चे हैं। छोटे बच्चों के साथ आने वाली माताओं को विशेष तौर पर पहले प्रवेश दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों के लिए समय में नहीं होगा बदलाव
मंदिर प्रशासन के अनुसार स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित दर्शन का समय पहले की तरह ही रहेगा।
सुबह 4 बजे से 5 बजे तक
शाम 4 बजे से 5 बजे तक
इन समयों में केवल स्थानीय लोगों के लिए ही दर्शन की व्यवस्था लागू रहेगी।
मंदिर प्रशासन ने दी शुभकामनाएं
मंदिर प्रशासन ने महिला दिवस के मौके पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की है कि भगवान विश्वनाथ का आशीर्वाद और दिव्य नारी शक्ति की कृपा हमेशा बनी रहे।







