कच्चे तेल पर अमेरिका का सख्त रुख; अंबानी ने खेला नया पत्ता
वेनेजुएला से क्रूड डील की संभावना, रिलायंस के शेयरों में भी दिखी हलचल
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल को लेकर सियासी और आर्थिक हलचल तेज हो गई है। रूस से तेल खरीद को लेकर अब हालात और गंभीर होते दिख रहे हैं। अमेरिका ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है।
रूस से तेल खरीद पर अमेरिका का बड़ा फैसला
अमेरिकी कांग्रेस ने रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। यह प्रस्ताव कांग्रेस में सर्वसम्मति से पास हुआ है। इस फैसले से भारत, चीन और ब्राजील जैसे देशों की चिंता बढ़ गई है, जो अब तक रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदते रहे हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की नई रणनीति
इसी बीच भारत की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि यदि नियमों के तहत अनुमति मिलती है, तो वह वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदने पर विचार कर सकती है।
CNBC-TV18 को Reuters के सवालों के जवाब में रिलायंस ने कहा कि अगर गैर-अमेरिकी खरीदारों के लिए वेनेजुएला से तेल बिक्री की इजाजत दी जाती है, तो कंपनी इस विकल्प पर गंभीरता से विचार करेगी।
वेनेजुएला तेल से क्यों बदला खेल?
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मार्च 2025 से वेनेजुएला का कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया था। इसकी वजह अमेरिका द्वारा वेनेजुएला से तेल खरीदने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान था। इसके बाद कंपनी को वेनेजुएला से आखिरी खेप मई 2025 में मिली थी।
अमेरिकी सख्ती के चलते रिलायंस ने रूस से कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी थी। हालांकि अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। वेनेजुएला में राजनीतिक बदलाव के बाद वहां के तेल कारोबार पर अमेरिका का नियंत्रण बढ़ गया है और आगे तेल की बिक्री अमेरिकी शर्तों के तहत होने की संभावना जताई जा रही है।
भारतीय कंपनियां भी दिखा सकती हैं रुचि
अगर वेनेजुएला का कच्चा तेल अमेरिकी शर्तों के अनुरूप बाजार में आता है, तो भारत की अन्य सरकारी तेल कंपनियां भी इसमें दिलचस्पी दिखा सकती हैं। इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां वेनेजुएला से तेल खरीदने पर विचार कर सकती हैं।
बीएसई पर रिलायंस के शेयरों का हाल
बीएसई पर शुक्रवार, 9 जनवरी को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली। दोपहर करीब 2:15 बजे, शेयर 0.17 प्रतिशत या 2.50 रुपये की बढ़त के साथ 1472 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।
ओपनिंग प्राइस: 1466.95 रुपये
दिन का उच्च स्तर: 1480 रुपये
52 सप्ताह का उच्च स्तर: 1611.20 रुपये
52 सप्ताह का निचला स्तर: 1115.55 रुपये







