IND vs NZ Weather Report: फाइनल में बारिश बनेगी विलेन या नहीं? अहमदाबाद के मौसम ने दी राहत
8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा भारत-न्यूजीलैंड का महामुकाबला, बारिश की संभावना बेहद कम
IND vs NZ Weather Report: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह महामुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मैच के दिन मौसम कैसा रहेगा और कहीं बारिश तो खेल खराब नहीं करेगी।
मौसम की ताजा रिपोर्ट फैंस के लिए राहत भरी है। अहमदाबाद में फाइनल के दिन बारिश की संभावना लगभग ना के बराबर बताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहेगा और मैच बिना किसी रुकावट के खेले जाने की पूरी उम्मीद है।
हालांकि बारिश का खतरा नहीं है, लेकिन गर्मी खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है। दिन के समय अहमदाबाद का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में तापमान लगभग 23 डिग्री तक रहने की संभावना है। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, इसलिए दिन की तेज गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है, लेकिन हल्की उमस खिलाड़ियों की फिटनेस की परीक्षा ले सकती है।
फाइनल मुकाबले को देखते हुए आईसीसी ने भी खास तैयारी की है। अगर किसी कारण से मैच में बाधा आती है तो उसके लिए रिजर्व डे रखा गया है। अगर 8 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है तो 9 मार्च को रिजर्व डे के तौर पर मुकाबला खेला जाएगा।
इसके अलावा मैच पूरा कराने के लिए दोनों टीमों को 120 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया है, ताकि कम से कम 10-10 ओवर का मुकाबला कराया जा सके।
अगर सबसे खराब स्थिति में रिजर्व डे के बाद भी मैच नहीं हो पाता और मुकाबला ‘नो रिजल्ट’ रहता है, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि मौजूदा मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए इसकी संभावना बेहद कम है। ऐसे में फैंस को अहमदाबाद में एक शानदार और रोमांचक फाइनल देखने की उम्मीद है।







