Lucky Plants for Home: मां लक्ष्मी को बेहद प्रिय हैं ये खास पौधे, घर में लाते ही शुरू हो जाएगा धन का आगमन
वास्तु शास्त्र और हिंदू धार्मिक मान्यताओं में कुछ पौधों को बेहद शुभ माना गया है। मान्यता है कि इन पौधों को घर में सही दिशा में लगाने से न केवल सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि धन-धान्य और सुख-समृद्धि में भी वृद्धि होती है। कई पौधे ऐसे हैं जिन्हें माता लक्ष्मी का प्रिय माना गया है। कहा जाता है कि ये पौधे घर में आर्थिक खुशहाली और बरकत लेकर आते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ लकी पौधों के बारे में और इन्हें लगाने की सही दिशा क्या है।
अपराजिता का पौधा
नीले फूलों वाली अपराजिता की बेल भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार जहां भगवान विष्णु का आशीर्वाद होता है, वहां माता लक्ष्मी का वास भी बना रहता है। घर में अपराजिता का पौधा लगाने से सुख-शांति और समृद्धि आती है। वास्तु के मुताबिक इसे घर की उत्तर या पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और आर्थिक परेशानियां दूर होने लगती हैं।
तुलसी का पौधा
हिंदू धर्म में तुलसी को पूजनीय और पवित्र पौधा माना गया है। मान्यता है कि जिस घर में तुलसी का पौधा होता है वहां नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं करती। रोजाना तुलसी की पूजा करने और दीपक जलाने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। आर्थिक तंगी दूर होती है और परिवार में खुशहाली आती है। वास्तु के अनुसार तुलसी का पौधा हमेशा उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण में लगाना चाहिए।
मनी प्लांट
मनी प्लांट को धन आकर्षित करने वाला पौधा माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार इसे घर में लगाने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और बरकत बढ़ती है। कहा जाता है कि जैसे-जैसे इसकी बेल ऊपर की ओर बढ़ती है, वैसे-वैसे घर में तरक्की और समृद्धि भी बढ़ती है। इसे घर के दक्षिण-पूर्व दिशा यानी आग्नेय कोण में लगाना सबसे शुभ माना गया है। ध्यान रखें कि मनी प्लांट की बेल जमीन को नहीं छूनी चाहिए, क्योंकि इसे अशुभ माना जाता है।
शमी का पौधा
शमी का पौधा भगवान शिव और शनि देव को प्रिय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसे घर में लगाने से व्यापार और नौकरी में आ रही बाधाएं दूर होती हैं। साथ ही जीवन में सफलता और धन लाभ के योग बनते हैं। वास्तु के मुताबिक शमी का पौधा घर के मुख्य द्वार पर लगाना शुभ होता है। ध्यान रखें कि घर से बाहर निकलते समय यह पौधा आपके दाहिने हाथ की ओर होना चाहिए।
जेड प्लांट
जेड प्लांट को भी सुख-समृद्धि और धन आकर्षित करने वाला पौधा माना जाता है। वास्तु के अनुसार इसे घर के मुख्य प्रवेश द्वार के दाहिने तरफ रखना शुभ होता है। माना जाता है कि यह पौधा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है और आर्थिक उन्नति के रास्ते खोलता है। ऑफिस या कार्यस्थल पर भी जेड प्लांट रखना शुभ माना गया है। इसे ऑफिस डेस्क की उत्तर दिशा में रखने से करियर और बिजनेस में लाभ मिलने की मान्यता है।
बैंबू का पौधा
बैंबू यानी बांस का पौधा वास्तु में बेहद शुभ माना गया है। इसे घर में रखने से सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। यह पौधा घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने का काम करता है। वास्तु के अनुसार बैंबू प्लांट को घर के लिविंग रूम के पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में रखना सबसे अच्छा माना गया है। इससे परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और खुशहाली बनी रहती है।







