‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस धमाका: रणवीर सिंह ने तोड़े ‘दंगल’–‘पीके’ और ‘K3G’ के रिकॉर्ड
Dhurandhar Box Office Record: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। छप्परफाड़ कमाई के बाद अब इस स्पाई थ्रिलर ने आमिर खान और शाहरुख खान की कई आइकॉनिक फिल्मों के रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए हैं।
‘धुरंधर 2’ के टीज़र रिलीज होते ही जहां फैंस में जबरदस्त उत्साह है, वहीं पहली फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। जिस दिन सीक्वल का टीज़र रिलीज हुआ, उसी दिन ‘धुरंधर’ ने भारत में 4 करोड़ से ज़्यादा फुटफॉल का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया।
40 मिलियन टिकट बेचने वाली बनी 19वीं भारतीय फिल्म
रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म अब तक की 19वीं भारतीय फिल्म बन चुकी है जिसने देश में 4 करोड़ (40 मिलियन) से अधिक टिकट बेचे हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, थिएटर रन और औसत टिकट कीमत के आधार पर यह आंकड़ा तय किया गया है।
धीमी शुरुआत, लेकिन ऐतिहासिक उड़ान
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि इसके बाद फिल्म को जबरदस्त वर्ड-ऑफ-माउथ मिला और कमाई में लगातार उछाल देखने को मिला।
सातवें हफ्ते के अंत तक फिल्म ने 800 करोड़ नेट और करीब 1,000 करोड़ ग्रॉस (भारत में) का आंकड़ा पार कर लिया।
न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 250 रुपये की औसत टिकट कीमत के हिसाब से फिल्म ने गदर (2001) के बाद पहली बार यह ऐतिहासिक फुटफॉल हासिल किया है।
‘दंगल’, ‘पीके’ और ‘K3G’ भी पीछे
फुटफॉल के मामले में ‘धुरंधर’ ने कई दिग्गज फिल्मों को पछाड़ दिया है, जिनमें शामिल हैं—
दंगल – 3.7 करोड़
पीके – 3.5 करोड़
बॉर्डर – 3.7 करोड़
कुछ कुछ होता है – 3.5 करोड़
कभी खुशी कभी गम – 3.1 करोड़
इतना ही नहीं, फिल्म ने CID और लैला मजनू जैसी कल्ट फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म के बारे में
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक हाई-ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह पाकिस्तान में तैनात भारतीय खुफिया अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म में अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
दुनियाभर में फिल्म की कमाई 1,300 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है।







